हल्द्वानी में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

हल्द्वानी, 13 मार्च। शहर में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत को लेकर सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। शनिवार को उत्तराखण्ड चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के कुमाऊँ मण्डल अध्यक्ष डॉ. हरीश पाल और स्वराज हिन्द फौज के संस्थापक अध्यक्ष सुशील भट्ट के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी हल्द्वानी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
डॉ. हरीश पाल ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर बाजार में कृत्रिम संकट पैदा किया जा रहा है। इसके चलते आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और गैस सिलेंडर करीब दो हजार रुपये तक ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए गुंडा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि जनता की मजबूरी का फायदा उठाने वालों पर रोक लग सके।
स्वराज हिन्द फौज के संस्थापक अध्यक्ष सुशील भट्ट ने कहा कि आम जनता की रसोई से जुड़ी आवश्यक वस्तु को कुछ लोग लालच का साधन बना रहे हैं। गैस सिलेंडर हर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार की रसोई की जीवनरेखा है। एलपीजी गैस की कालाबाजारी किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।
उन्होंने कहा कि जब कुछ लोग निजी लाभ के लिए गैस की कृत्रिम कमी पैदा करते हैं तो इसका सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई पर पड़ता है। एलपीजी गैस को ब्लैक में बेचना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि समाज और मानवता के साथ भी अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई, अवैध स्टॉक जब्त करने और गैस आपूर्ति को सुचारु करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के हित में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. हरीश पाल, सुशील भट्ट, के.एस. काण्डपाल, पी.सी. दानी, डी.एन. जोशी, भुवन तिवारी, प्रकाश जोशी, भास्कर साह, विकास कुमार, पवन अर्पित पाल और अमित सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page