जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत ज्योलीकोट में बहुउद्देशीय शिविर मुख्य विकास अधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, 221 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

ज्योलीकोट/हल्द्वानी, 21 जनवरी। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को ज्योलीकोट स्थित रामलीला मैदान में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नवागन्तुक मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने स्वयं लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर में सैकड़ों लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कुल 221 लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से जुड़ी समस्याओं का समाधान कार्यालय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित जो भी समस्याएं दर्ज की गई हैं, उनका समयबद्ध निस्तारण कर संबंधित लाभार्थियों को की गई कार्यवाही से अवगत कराया जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

शिविर में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नियमित आधार कैंप लगाए जाने की मांग उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि माह में एक दिन चिन्हित कर आधार कैंप लगाया जाए, जिससे पर्वतीय और दूरस्थ गांवों के लोगों के आधार कार्ड में संशोधन एवं नए आधार कार्ड बनाए जा सकें।
सड़ियाताल क्षेत्र के निवासियों ने बाहरी व्यक्तियों द्वारा भूमि क्रय कर मूलभूत सुविधाओं—सड़क, पेयजल आदि—पर कब्जा किए जाने की शिकायत की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व विभाग को संबंधित क्षेत्रों की पैमाइश कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई गई पेयजल पाइप लाइनों से पानी न आने की शिकायत पर जेजेएम अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभ वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 142 लोगों की जांच कर औषधियां वितरित की गईं। समाज कल्याण विभाग ने 40 लाभार्थियों को वृद्धा, दिव्यांग एवं वृद्धावस्था पेंशन के आवेदन वितरित किए। कृषि विभाग ने कृषि यंत्र, बीज एवं रसायन उपलब्ध कराए। बाल विकास विभाग द्वारा 10 लोगों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इसके अलावा विद्युत एवं जल संस्थान द्वारा बिल संशोधन तथा खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड से संबंधित ऑनलाइन कार्य भी किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने कहा कि अधिकारी जनहित के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करें, तभी सरकार की मंशा धरातल पर उतर सकेगी।
शिविर में दर्जा मंत्री शान्ति मेहरा, नवीन वर्मा, ब्लॉक प्रमुख भीमताल हरीश बिष्ट, उपाध्यक्ष जिला पंचायत देवकी बिष्ट, ज्येष्ठ उप प्रमुख उमेश पलडिया, ग्राम प्रधान बबीता मनराल, नवल आर्य, प्रेम बिष्ट, हरगोविन्द सिंह रावत सहित जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









