कड़ाके की ठंड में विधायक सुमित हृदयेश जनता के साथ, अलाव के लिए जलौनी लकड़ी की गाड़ियों को दिखाई हरी झंडी

हल्द्वानी। भीषण ठंड के प्रकोप को देखते हुए हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। शुक्रवार को उन्होंने अपने आवास से हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में अलाव जलाने के लिए जलौनी लकड़ी से भरी पांच गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि कड़ाके की ठंड में सबसे अधिक परेशानी गरीब, मजदूर, बुजुर्ग और असहाय वर्ग को उठानी पड़ती है। जनप्रतिनिधि होने के नाते यह उनकी जिम्मेदारी है कि समाज के हर वर्ग तक राहत और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था लगातार की जा रही है और आगे भी जरूरत के अनुसार यह कार्य जारी रहेगा।
विधायक ने दो टूक कहा कि जनसेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य है और किसी भी जरूरतमंद को कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आग्रह किया कि वे जरूरतमंदों की पहचान कर समय पर सहायता पहुंचाएं।
इस जनसेवी कार्य में पूर्व मंत्री सुहैल सिद्दीकी, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, पार्षद प्रतिनिधि दिवेश तिवारी, संजू उप्रेती, इंजीनियर सुमित कुमार, राजू चौहान, मोहम्मद खालिद, इशरत अली, रिजवान, इस्लामुद्दीन, जॉन्टी राणा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया।
क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए विधायक का आभार जताया।









