रंग, रस और संदेशों से सराबोर रहा ‘होली महोत्सव प्रतियोगिता 2026’ महिला होल्यारों की प्रस्तुति ने मोहा मन, फूलों की होली ने बांधा समां

हल्द्वानी। सारथी फाउंडेशन समिति द्वारा आयोजित पंचम होली महोत्सव प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन मुखानी रोड स्थित मां जगदंबा बैंक्विट हॉल में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। रंगारंग प्रस्तुतियों, कुमाऊंनी होली गायन और सामाजिक संदेशों से सजे इस आयोजन ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, संस्था अध्यक्ष नवीन पंत, सचिव ज्ञानेन्द्र जोशी, चंद्रशेखर पांडे और गिरीश लोहनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके उपरांत नूपुर नृत्य कला केंद्र की ओर से आकर्षक गणेश वंदना की प्रस्तुति दी गई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
महिला होली टीमों की सजीव प्रस्तुतियां
गणेश वंदना के बाद विभिन्न टीमों द्वारा रंगारंग झांकियों का प्रदर्शन किया गया। महिला होली टीमों ने पारंपरिक कुमाऊंनी होली गायन, वादन और स्वांग के माध्यम से न केवल सांस्कृतिक छटा बिखेरी, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेश भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में गौरी माहेश्वरी टीम, प्रगति विहार लालडांठ, राधिका होली ग्रुप, संस्कृति समागम कुसुमखेड़ा, जय मां कलिका भगवानपुर और जय ईस्ट देव टीमों ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
फूलों की होली में झूमा सभागार
कार्यक्रम के अंत में महिला होल्यारों द्वारा प्रस्तुत झांकियों के पश्चात फूलों की होली खेली गई। रंग-बिरंगे फूलों की वर्षा के बीच पूरा सभागार उल्लास और उमंग से सराबोर नजर आया। सभी प्रतिभागियों को गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।

सामाजिक संदेशों से किया जागरूक
महोत्सव के माध्यम से साइबर अपराध से बचाव, जंगलों की कटाई रोकने, पहाड़ से पलायन पर अंकुश लगाकर स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा जागरूक मतदाता बनकर सही जनप्रतिनिधि चुनने जैसे विषयों पर प्रभावशाली संदेश दिए गए। आयोजकों ने इसे सांस्कृतिक मंच के साथ-साथ सामाजिक चेतना का भी सशक्त माध्यम बताया।
मंच संचालन व विशेष प्रस्तुति
कार्यक्रम का संचालन संस्था सचिव ज्ञानेन्द्र जोशी ने किया। विशेष आकर्षण के रूप में एक्स डांस क्रू पिलिकोठी के संचालक सौरभ फर्त्याल की टीम ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद सिंह दरमवाल, पूर्व मेयर जोगेंद्र सिंह रौतेला (राज्यमंत्री), दिनेश आर्य, रेनू अधिकारी, राहुल छिमवाल, कंचन उप्रेती, किशोर पंत, मधुकर श्रोतीय, हुकुम सिंह कुंवर, समाजसेवी योगेश जोशी, प्रकाश मेहता, बॉबी आर्य, नीलम मनराल, अलका जीना, प्रतिभा जोशी, हरीश पांडे, शोभा बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट, हेमा हरबोला, मधु सांगूड़ी, नवनीत राणा, रत्ना श्रीवास्तव, बाल किशन भट्ट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सारथी फाउंडेशन के सदस्य कमल जोशी, केतन जायसवाल, संदीप भट्ट, हेमा जोशी, मीना शाही, रंजना जोशी, बबिता टकवाल, रमा जोशी, कौशल्या जोशी, पूजा पंत, भावना जोशी, भगवती धपोला, उमा जोशी, आभा रौतेला, मुन्नी पंत, शीला भट्ट, डॉ. दीप्ति जोशी, संतोष गौड़ सहित सभी कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष नवीन पंत ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए बधाई दी।







