हरिद्वार नगर निगम जमीन घोटाला: सरकार पर सवाल

देहरादून, 29 मई: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हरिद्वार नगर निगम जमीन घोटाले में सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जीरो करप्शन का नारा देने वाली सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।

*54 करोड़ की जमीन खरीद में अनियमितता*

श्री आर्य ने आरोप लगाया कि हरिद्वार नगर निगम ने कूड़े के ढेर के पास की सस्ती अनुपयुक्त जमीन बिना किसी आवश्यकता के 54 करोड़ में खरीदी। उन्होंने कहा कि भूमि का लैंड यूज कृषि था और सर्किल रेट छह हजार रुपये के आसपास था। यदि भूमि को कृषि भूमि के तौर पर खरीदा जाता, तो उसकी कुल कीमत पंद्रह करोड़ के आसपास होती।

*नियमों का उल्लंघन*

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लगभग 35 बीघा भूमि के लैंड यूज व खरीद में तय नियमों व शर्तों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद अधिकारियों की मिलीभगत से यह जमीन ऊंचे दामों पर खरीद ली गई। उन्होंने कहा कि जमीन खरीद में नगर निगम एक्ट और शासन के नियमों का पालन नहीं किया गया।

*सरकार पर सवाल*

श्री आर्य ने कहा कि हरिद्वार नगर निगम के करोड़ों के जमीन घोटाले में सरकार ने निचले स्तर के कर्मचारी और अधिकारी पर कार्यवाही कर इतिश्री कर ली। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार आखिर बड़े संलिप्त अधिकारियों पर क्यों चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनियमितताओं, प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार पर सरकार बड़े अधिकारियों पर कार्यवाही क्यों नहीं कर पा रही है।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण