भाजपा की तानाशाही के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस: सुमित हृदयेश

पंचायत चुनाव की अराजकता को बताया लोकतंत्र पर कलंक, 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का किया दावा
हल्द्वानी, 22 अगस्त मानसून सत्र के उपरांत हल्द्वानी में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में हुई अराजकता को लेकर भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत से लोकतंत्र की खुलेआम हत्या की गई, जिसका जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में देगी।
विधायक ने कहा कि “ नैनीताल जिला पंचायत चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस के संरक्षण में गुंडई की, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। यह घटनाएं उत्तराखंड को बिहार बनाने की कोशिश का हिस्सा हैं, लेकिन प्रदेश की जागरूक जनता अब चुप नहीं बैठेगी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा सत्र को विपक्ष के सवालों से बचने के लिए भाजपा ने मात्र डेढ़ दिन में स्थगित कर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का मजाक उड़ाया। नेता प्रतिपक्ष और विपक्षी विधायकों के साथ सदन में हुई बदसलूकी को उन्होंने तानाशाही प्रवृत्ति का प्रमाण बताया।
सुमित हृदयेश ने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी जल्द ही प्रदेशभर में जनता के साथ मिलकर जनांदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि “जनता अब भाजपा से त्रस्त है और 2027 में इसका ऐतिहासिक परिणाम देखने को मिलेगा।”
प्रेसवार्ता के दौरान सुमित हृदयेश ने सरदार सतनाम सिंह को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया, जबकि सोशल मीडिया प्रदेश महासचिव बनाए गए राजकुमार का स्वागत कर उन्हें बधाई दी गई।
इस मौके पर कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष हरीश मेहता, मधु सांगूड़ी, शोभा बिष्ट, हेमन्त बगड़वाल, सुहैल सिद्दीकी, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, जीवन कार्की, डॉ. मयंक भट्ट, अवध विहारी शर्मा, बहादुर बिष्ट, गिरीश पांडे समेत अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से शामिल थे।

