सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ कांग्रेस ने मनाई स्व. मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि

सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में आयोजन, स्वराज आश्रम में श्रद्धांजलि सभा व विचार गोष्ठी संपन्न
हल्द्वानी, 23 फरवरी 2026। प्रख्यात विचारक, समाज सुधारक एवं पर्वतीय अंबेडकर के रूप में विख्यात मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि कांग्रेस द्वारा “सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर स्वराज आश्रम, हल्द्वानी में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय टम्टा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि स्वर्गीय टम्टा ने पर्वतीय क्षेत्र में सामाजिक चेतना जागृत करने का जो ऐतिहासिक कार्य किया, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय केवल एक नारा नहीं, बल्कि संविधान की आत्मा है और इसे धरातल पर उतारना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी सदैव कमजोर, वंचित और शोषित वर्गों की आवाज़ बुलंद करती रही है तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि टम्टा ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक समरसता और समान अवसर की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।


जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि “सामाजिक न्याय दिवस” मनाने का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं, बल्कि उनके अधूरे सपनों को साकार करने का संकल्प लेना है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस संगठन प्रदेशभर में इस दिवस को व्यापक स्तर पर मना रहा है, ताकि समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता को और मजबूत किया जा सके।
विचार गोष्ठी में उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय टम्टा के सामाजिक न्याय, शिक्षा के प्रसार, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान हेतु किए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया। वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, शिक्षा में समान अवसर तथा वंचित वर्गों के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। गोष्ठी के अंत में सभी ने सामाजिक न्याय एवं समानता के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पंडित हरिप्रसाद, सतीश नैनवाल, ललित जोशी, राजेन्द्र सिंह बिष्ट रज्जी, नरेश अग्रवाल, महेशानंद, यशपाल आर्य, इन्दर पाल आर्य, जगदीश आर्य, एक्स कैप्टन हरीश चंद्रा, गोविन्द बगड़वाल, प्रदीप नेगी, सूरज प्रकाश, गोविंद सिंह बिष्ट, विराज आर्य, प्रकाश चन्द्र आर्य, बॉबी आर्य, अभिनय कुमार आर्य, कौशलेंद्र भट्ट, मनोज शर्मा, दया कृष्ण बेलवाल, जगदीश भारती, शंकर कमांडो, प्रकाश पाठक, पंकज आर्य, लाल सिंह पवार, ऋतिक आर्य, रोहित पांडे, मयंक गोस्वामी, मनोज टम्टा, राजेन्द्र बिष्ट, गजेंद्र सिंह सम्मल, शाद अली, मोहम्मद नबी, उदित करायत, रेनू तोमर, मंजू पांडे, सुनीता टम्टा, मीनाक्षी नयाल, पुष्पा मेहता, मीना देवी, ममता देवी, पुष्पा नेगी, पुष्पा देवी, हेमा देवी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page