जमरानी बांध कार्यों का सीएम धामी ने किया निरीक्षण प्रधानमंत्री मोदी की स्वीकृति से दशकों पुरानी मांग को मिली मंजूरी समय पर और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश

उत्तराखंड के साथ यूपी को भी मिलेगा सीधा लाभ
नैनीताल/हल्द्वानी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के भ्रमण के दौरान गोला नदी पर निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों और विशेषज्ञों से विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने परियोजना को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सौगात है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी मांग को स्वीकार कर इस परियोजना को स्वीकृति दी गई, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार के समन्वय से पर्यावरणीय और तकनीकी अड़चनों को दूर कर परियोजना को आगे बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार योजनाओं को कागजों से निकालकर धरातल पर उतारने का काम कर रही है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों में धन और बाधाएं आड़े नहीं आने दी जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में कोई भी योजना अधूरी नहीं छोड़ी जाएगी और सभी परियोजनाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि जमरानी बांध परियोजना सिंचाई और पेयजल आपूर्ति के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। इससे उत्तराखंड के तराई क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के किसानों और क्षेत्रवासियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों की मांग पर विद्युत उत्पादन की संभावनाओं को लेकर केन्द्र सरकार से बातचीत किए जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
इस मौके पर जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश खरे ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत दो टनलों का निर्माण लगभग 88 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। नदी के पानी के डायवर्जन के लिए कॉफर डैम का निर्माण भी प्रगति पर है। जून 2026 तक टनल और कृत्रिम डैम का कार्य पूर्ण कर आगामी मानसून में नदी का पानी टनलों से डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरी परियोजना को जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान विधायक कालाढुंगी बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मन्जूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page