गांव-गांव पैदल पहुंच रहे भाजपा नेता हेमचंद्र आर्य, जनसंपर्क के साथ सुन रहे ग्रामीणों की समस्याएं

बेतालघाट (नैनीताल)। भाजपा नेता हेमचंद्र आर्य लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए गांव-गांव जाकर लोगों से जनसंपर्क कर रहे हैं। वह कई वर्षों से 15 से 20 किलोमीटर तक पैदल चलकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता भी करते हैं।
इसी क्रम में उन्होंने नैनीताल जिले के धनियाकोट, सिमलखा, ऊंचाकोट, बेतालघाट, तल्ला सेटी, मल्ला सेटी और बवास समेत कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। बेतालघाट पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले पूरन चंद्र चौरसिया के पुत्र के जनेऊ संस्कार में शामिल होकर परिवार को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर चौरसिया परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
जनसंपर्क के दौरान सिमलखा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पांच दिनों से गांव में पेयजल संकट बना हुआ है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर हेमचंद्र आर्य ने जल संस्थान के अधिकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा ताकि ग्रामीणों को समय पर पानी मिल सके।
इसके अलावा जमीरा-बवास क्षेत्र में झूला पुल नहीं होने की समस्या भी ग्रामीणों ने उनके सामने रखी। पुल के अभाव में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को कोसी नदी पार कर अपने गंतव्य तक जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर हेमचंद्र आर्य ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे और पुल निर्माण की मांग रखेंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
जनसंपर्क के दौरान हेमचंद्र आर्य ऊंचाकोट में हरीश चंद्र सूबेदार के यहां पीपल पानी कार्यक्रम में भी शामिल हुए। वहीं बेतालघाट में शैलेश सिंह बोरा के निधन पर उनके घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
इस दौरान गणेश बोरा, नंदन सिंह बिष्ट, विनोद जलाल, दलीप सिंह बिष्ट, गोधन सिंह, मोहन सिंह, टिका सिंह, ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह, चतुर बोरा, कृष्ण आर्य, हरिओम, ग्राम प्रधान भरत राज, गणेश सिंह बोरा, पूरन चौरसिया, नंदा बल्लभ बदानी, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदी खुल्बे, हरीश सिंह रावत, ग्राम प्रधान भवन चंद्र, शंकर गिरी गोस्वामी, खष्टी देवी, हीरा सिंह भंडारी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।







