बड़ी खबर : हल्द्वानी में फिर चली मौत की गोली, 22 वर्षीय युवक की हत्या से सनसनी

राजनीतिक रसूख में अपराध का आरोप, पार्षद हिरासत में

हल्द्वानी। शहर में एक बार फिर गोलियों की गूंज ने लोगों को दहला दिया है। वर्ष 2019 के बाद 2026 की शुरुआत में ही हल्द्वानी में गोली चलने की बड़ी वारदात सामने आई है, जिसमें 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी नगर निगम के भाजपा पार्षद अमित बिष्ट उर्फ ‘चिन्टू’ पर जज फार्म क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय नीतिन लोहनी को गोली मारने का गंभीर आरोप लगा है। यह घटना सोमवार देर रात सुशीला तिवारी अस्पताल के पीछे की बताई जा रही है। गोली लगने के बाद नीतिन को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात कारणों से हुई वारदात, जांच में जुटी पुलिस
घटना के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आपसी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
आरोपी पार्षद हिरासत में, पूछताछ जारी
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी पार्षद अमित बिष्ट को हिरासत में ले लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा और जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने लाई जाएगी। पुलिस का दावा है कि दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों में कोहराम, इलाके में आक्रोश
युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक पद की आड़ में अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
2019 की घटनाओं की यादें ताजा
इस गोलीकांड ने वर्ष 2019 में हल्द्वानी में हुई आपराधिक घटनाओं की यादें फिर ताजा कर दी हैं। एक बार फिर राजनीतिक रसूख, अपराध और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून से ऊपर कोई नहीं है। शहरवासियों की निगाहें अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page