गरीब मेधावी छात्रों के लिए ग्राफिक एरा का बड़ा ऐलान: इंजीनियरिंग डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट और सिविल सेवा की तैयारी होगी मुफ्त

हल्द्वानी। उत्तराखंड के आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए शिक्षा के नए द्वार खोलते हुए ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने बड़ी पहल की है। संस्थान ने घोषणा की है कि आगामी शैक्षणिक सत्र से राज्य के गरीब और मेधावी छात्रों को इंजीनियरिंग डिप्लोमा, होटल मैनेजमेंट और सिविल सेवा की तैयारी के लिए निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह जानकारी ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने सोमवार को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई बार आर्थिक अभाव के कारण मेधावी छात्र अपने सपनों को साकार नहीं कर पाते। ऐसे युवाओं को बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की जा रही है।
डॉ. घनशाला ने बताया कि ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स की पूर्व छात्रा मिनल नेगी का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा का प्रमाण है। मिनल ने सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में 56वीं रैंक हासिल कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। टिहरी जिले के डोबरा महड़ गांव के एक शिक्षक की बेटी मिनल ने सीमित संसाधनों के बावजूद ऑनलाइन माध्यम से तैयारी कर यह उपलब्धि हासिल की।
उन्होंने कहा कि मिनल नेगी की सफलता से प्रेरित होकर ग्राफिक एरा ने देहरादून और हल्द्वानी में सिविल सेवा की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इस कार्यक्रम के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी युवाओं को निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे भी प्रशासनिक सेवाओं में स्थान बना सकें।
इसके अलावा होटल उद्योग में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए देहरादून और हल्द्वानी में एक वर्ष का होटल मैनेजमेंट कोर्स भी निशुल्क कराया जाएगा। इस कोर्स में इंडस्ट्री ट्रेनिंग को भी शामिल किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को सीधे बेहतर पदों पर रोजगार के अवसर मिल सकें।
ग्राफिक एरा ने इंजीनियरिंग डिप्लोमा कोर्स को भी गरीब छात्रों के लिए निशुल्क करने का निर्णय लिया है। देहरादून और भीमताल परिसरों में कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तथा सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाएंगे। चयनित छात्रों को केवल अपनी आवासीय व्यवस्था स्वयं करनी होगी, जबकि पढ़ाई का पूरा खर्च संस्थान उठाएगा।
डॉ. घनशाला ने बताया कि ग्राफिक एरा अपने दो विश्वविद्यालयों, चार परिसरों और मेडिकल कॉलेज के माध्यम से देहरादून, भीमताल और हल्द्वानी में आधुनिक तकनीक और अनुभवी फैकल्टी के साथ उच्च शिक्षा प्रदान कर रहा है।
पत्रकार वार्ता में निदेशक अवस्थापना/मीडिया प्रभारी डॉ. सुभाष गुप्ता, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. मनोज लोहानी, भीमताल परिसर के निदेशक कर्नल एकेनावर, डॉ. हिमानी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page