बकाया न चुकाने पर बड़ी कार्रवाई: हल्द्वानी में करोड़ों की भूमि नीलाम, 1.16 करोड़ में लगी अंतिम मुहर 

हल्द्वानी, 30 जनवरी। परियोजना प्रबंधक ब्रिडकुल की बकाया धनराशि जमा न करने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बकायेदार की अचल संपत्ति को नीलाम कर दिया। तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पाण्डे ने बताया कि तहसील कार्यालय हल्द्वानी में 27 जनवरी 2026 को खुली बोली के माध्यम से नीलामी का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि बकायेदार धनंजय गिरी पुत्र जटाशंकर गिरी, निवासी सुभाष नगर हल्द्वानी पर ब्रिडकुल की ₹3,01,03,000 की बकाया धनराशि थी। राशि जमा न करने पर उनकी ग्राम मल्ली बमौरी, तहसील हल्द्वानी स्थित अचल संपत्ति को नीलामी के लिए चिह्नित किया गया। यह भूमि हाल खतौनी खाता संख्या 11, खसरा संख्या 217, रकबा 0.030 हेक्टेयर में दर्ज है।
परगना अधिकारी/असिस्टेंट कलेक्टर प्रथम श्रेणी हल्द्वानी द्वारा 26 दिसंबर 2025 को ज०वि० आकार पत्र 74 (नियम 282) के तहत आदेश जारी कर 30 दिवस पश्चात नीलामी तिथि 27 जनवरी 2026 नियत की गई। नीलामी अधिकारी के रूप में तहसीलदार हल्द्वानी को नामित किया गया।
नीलामी प्रक्रिया में कुल 9 बोलीदाताओं ने प्रतिभाग किया, हालांकि बोली के दौरान दो प्रतिभागी नीलामी स्थल पर उपस्थित नहीं रहे। नीलामी के तीसरे चक्र में खीमानंद सनवाल पुत्र हीराबल्लभ सनवाल, निवासी पंत पार्क सुभाष नगर हल्द्वानी द्वारा ₹1,16,50,000 (एक करोड़ सोलह लाख पचास हजार रुपये) की सर्वोच्च बोली लगाई गई।
इसके बाद किसी भी अन्य बोलीदाता द्वारा इससे अधिक बोली न लगाए जाने पर नीलामी खीमानंद सनवाल के पक्ष में संस्तुत की गई। नियमों के अनुसार, सर्वोच्च बोली की 25 प्रतिशत धनराशि बोलीदाता द्वारा नीलामी स्थल पर चेक के माध्यम से जमा कर दी गई।
तहसीलदार कुलदीप पाण्डे ने बताया कि नियमानुसार नीलामी की तिथि से 30 दिवस पश्चात विक्रय पत्र सर्वोच्च बोलीदाता के पक्ष में निष्पादित किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से बकायेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page